रुद्रपुर। नगर में पार्किंग सुविधा का अभाव यातायात संचालन में दिक्कतों का कारण बन रहा है। सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम लग रहा है। रोडवेज बस अड्डे के बाहर किच्छा बाईपास पर लगने वाला ई-रिक्शों का जमावड़ा दिक्कतों में इजाफा कर रहा है।
नगर में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से चौपहिया वाहन नैनीताल हाईवे के किनार खड़े होते हैं। नगर के डीडी चौक के पास से अटरिया मोड़ के समीप तक हर रोज सुबह से शाम तक हाईवे किनारे चौपहिया वाहनों का जमावड़ा लगता है। इस मार्ग में पुराने चौपहिया वाहनों के बिक्री के भी प्रतिष्ठान हैं। बिक्री के लिए रखे गए पुराने वाहन भी सड़क किनारे ही खड़े किए जाते हैं। हाईवे किनारे वाहन खड़े रहने से अक्सर जाम लगता है।
नगर के रोडवेज बस अड्डे के बाहर किच्छा बाईपास पर हर समय ई-रिक्शा का जमावड़ा लगा रहता है। ई-रिक्शा चालाक सवारियों की खोज में सड़क को घेरे रखते हैं। सड़क पर खड़े होने वाले ई-रिक्शा जाम का कारण बन रहे हैं। यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार आर्या का कहना है कि हाईवे किनारे खड़े वाहनों के साथ ही बस अड्डे के बाहर ई-रिक्शा खड़ा करने पर चालानी कार्रवाई की जाती है। इस पर और सख्ती की जाएगी।