रुद्रपुर। नगर निगम ने सब्जी मंडी का कायाकल्प करने की तैयारी शुरू कर दी है। 71 लाख की लागत से सब्जी विक्रेताओं के लिए ऊंचा टिनशेड व सीसी मार्ग बनेगा। साथ ही सुलभ शौचालय का निर्माण किया जाएगा।
नैनीताल हाईवे से सटे सब्जी मंडी में विक्रेताओं के लिए अच्छा ठिकाना नहीं है। कई वर्षों से दुकानदार तिरपाल डालकर अपनी दुकान चला रहे हैं। बारिश होने पर पूरे इलाके में जलभराव हो जाता है। उनकी समस्या को देखते हुए मेयर विकास शर्मा ने अस्थाई टिनशेड, सीसी मार्ग और सुलभ शौचालय का निर्माण करने को कहा था। शुक्रवार को नगर निगम की ओर से इस काम के लिए निविदा आमंत्रित कर ली गई है। कुल काम की लागत 71 लाख रुपये है।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि अगले महीने से काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा वार्ड नंबर 38 स्थित राजकुमार खनिजों के होटल से रमेश कालड़ा के घर तक सड़क के दोनों ओर नालों व पुलिया का निर्माण 40 लाख रुपये से कराया जाएगा।