एलडी भट्ट अस्पताल में टीकाकरण केंन्द्र का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. देवेंद्र पंचपाल।
- फोटो : KASHIPUR
रुद्रपुर/काशीपुर। जिले में बृहस्पतिवार को पंजीकृत 386 स्वास्थ्य कर्मियों में से 214 ने टीका लगवाया। खटीमा में सर्वाधिक 63 और काशीपुर में सबसे कम 45 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगवाया। रुद्रपुर में 60 और बाजपुर में 46 कर्मियों ने टीका लगवाया। जिले में बृहस्पतिवार को कुल 55.44 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह पंचपाल ने बताया कि उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जेएलएन जिला अस्पताल और बाजपुर सीएचसी में टीकाकरण नहीं होगा। इनके स्थान पर रुद्रपुर के मेडिसिटी अस्पताल और गदरपुर सीएचसी में टीकाकरण होगा। इसके अलावा काशीपुर, बाजपुर और खटीमा में पहले की तरह टीकाकरण पहले की तरह होता रहेगा।
आज देहरादून से पहुंचेंगी 19,800 कोविशील्ड वैक्सीन
रुद्रपुर। टीकाकरण के लिए शुक्रवार सुबह रुद्रपुर में बनाए क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर में देहरादून से वैक्सीन पहुंचेगी। सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह पंचपाल ने बताया कि नैनीताल के लिए वैक्सीन की 9,370 और चंपावत के लिए 2,000 डोज पहुंचेंगी। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के लिए वैक्सीन की 8,430 डोज पहुंचेंगी। तीनों जिलों के लिए कोविशील्ड वैक्सीन की कुल 19 हजार, 800 डोज पहुंचेंगी। रुद्रपुर स्थित क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर से नैनीताल और चंपावत के लिए भी वैक्सीन भेजी जाएंगी। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर से बृहस्पतिवार को वैक्सीन वैन को देहरादून भेज दिया गया था।
जिले में चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले
रुद्रपुर। जिले में बृहस्पतिवार को चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया है। जिला नोडल अधिकारी कोविड-19 डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले से 1881 लोगों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे गए।