काशीपुर। रोडवेज डिपो की कार्यशाला एक फोरमैन के भरोसे चल रही है। जूनियर फोरमैन का पद काफी समय से खाली है।
काशीपुर रोडवेज डिपो की कार्यशाला हो या कार्यालय दोनों ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे हैं। जहां एक ओर कार्यालय में बाबुओं की कमी के चलते परिचालकों से काम लिया जा रहा है। तो वहीं डिपो की कार्यशाला में महत्वपूर्ण पद जूनियर फोरमैन व कार्यशाला स्थापना लिपिक का पद भी रिक्त चल रहा है।
इसके अलावा फिटर की भी कमी है। वहीं सीनियर फोरमैन के पास काशीपुर व रामनगर डिपो की कार्यशाला है। वह दोनों कार्यशाला का कामकाज देखते हैं। कर्मियों ने बताया कि डिपो से 27 निगम की और 19 अनुबंधित बसों का संचालन किया जाता है। कार्यशाला के सीनियर फोरमैन मोहम्मद यामीन ने बताया कि कार्यशाला में जूनियर फोरमैन, कार्यशाला स्थापना लिपिक, फिटर के पद रिक्त हैं। इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों से कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
डिपो कार्यशाला में रिक्त पदों को भरने के लिए कई बार पत्राचार किया गया है। टेक्निकल स्टाफ की कमी से बसों के रिपेयर में समय लग जाता है। - हरेंद्र सिंह नितवाल, वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी, काशीपुर रोडवेज डिपो