सरकारी विभागों के कामकाज में कई बार अजब-गजब वाकये देखने को मिलते हैं। ऐसा ही एक मामला कुमाऊं क्षेत्र के पुलिस विभाग का है। सात महीने पहले आईजी ने 27 उपनिरीक्षक और 390 आरक्षियों का तबादला कुमाऊं के पहाड़ी जिलों के लिए किया था। इसके बाद आईजी का तो तबादला हो चुका है लेकिन दरोगा और कांस्टेबल अब भी अपनी जगह जमे हुए हैं।
बीते एक अप्रैल को तत्कालीन महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कुमाऊं परिक्षेत्र में कुल 27 उप निरीक्षकों व 390 आरक्षियों के स्थानांतरण किए थे। आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को 10 अप्रैल तक कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। स्थानांतरित अधिकांश पुलिसकर्मियों को अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में तैनाती देनी थी। पांच जून को रिद्धिम अग्रवाल का आईजी का तबादला हो गया लेकिन इधर से उधर किए गए पुलिस कर्मी अब भी नए तैनाती स्थल पर नहीं पहुंच सके हैं।
स्थगित भी नहीं हुए हैं स्थानांतरण
पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण पर अधिवक्ता मुनिदेव विश्नोई ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी थी। इसमें बताया गया कि स्थानांतरणों को स्थगित किए जाने के संबंध में पुलिस मुख्यालय से कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। यानी स्थानांतरण किए गए हैं लेकिन उनका धरातल पर पालन नहीं किया गया है।
कुमाऊं क्षेत्र के जिन दरोगा और आरक्षियों के स्थानांतरण हुए हैं उन्हें रिलीव करने के लिए पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए गए हैं। उनके स्तर से ही इस पर कार्रवाई की जानी है। -निवेदिता कुकरेती, आईजी, कुमाऊं
स्थानांतरित उप निरीक्षकों की जिलेवार सूची - कुल - 27
कहां से कितने जाने थे -
अल्मोड़ा 6
चम्पावत 9
पिथौरागढ़ 6
बागेश्वर 2
नैनीताल 2
उधम सिंह नगर 2
कुल 27
कहां को कितने आने थे -
उधम सिंह नगर 17
नैनीताल 6
चम्पावत 2
अल्मोड़ा 2
कुल 27
आरक्षियों की जिलेवार सूची - कुल 390
कहां से कितने जाने थे -
पिथौरागढ़ 115
उधम सिंह नगर 91
नैनीताल 69
अल्मोड़ा 48
बागेश्वर 39
चम्पावत 28
कुल 390
कहां को कितने आने थे -
उधम सिंह नगर 132
नैनीताल 98
पिथौरागढ़ 44
बागेश्वर 41
अल्मोड़ा 40
चम्पावत 35
कुल 390
उधम सिंह नगर से पहाड़ी जिलों को हुए तबादले
पिथौरागढ़ 30
अल्मोड़ा 28
बागेश्वर 25
चम्पाव 8
कुल 91