काशीपुर। स्कूलों में बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के दावों की हवा निकल गई है। शासन और विभाग खंड शिक्षाधिकारी और उप शिक्षाधिकारियों की नियुक्ति करने के लिए तैयार नहीं है। 14 माह से प्रधानाचार्य तीन पदों के कार्य का भार संभाले हुए हैं। इसी माह रिक्त पद भरने का दावा किया जा रहा है।
मई 2022 काशीपुर में तैनात उप शिक्षाधिकारी गीतिका जोशी पदोन्नत होकर रामगढ़ नैनीताल की खंड शिक्षाधिकारी बनाई गई हैं। इसके बाद कार्य का जिम्मा यहां तैनात खंड शिक्षाधिकारी आरएस नेगी पर आ गया था। वह काशीपुर समेत जसपुर, बाजपुर के छह पदों का कार्य देख रहे थे। मार्च 2024 को पदोन्नति पाकर वह भी पौड़ी के जिला शिक्षाधिकारी बनाए गए हैं। तब से यहां दोनों पद खाली हैं।
कार्य की जिम्मेदारी राइंका बांसखेड़ा के प्रधानाचार्य धीरेंद्र कुमार साहू को सौंपी है। वह तीनों पदों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। बैठक, पत्राचार के जवाब, पठन-पाठन कार्य, स्कूलों का निरीक्षण आदि कार्यों के बोझ तले दबे जा रहे हैं। स्कूल का कार्य पूरी तरह से नहीं देख पाने के कारण बोर्ड परिणाम पर भी असर देखा गया है। बता दें कि ऊधमसिंह नगर में सात बीईओ और सात उप शिक्षाधिकारी के पद स्वीकृत हैं। रुद्रपुर और खटीमा में ही खंड शिक्षाधिकारी कार्यरत हैं और उप शिक्षाधिकारी एक भी नहीं है। इन कार्यालयों का जिम्मा प्रधानाचार्य संभाल रहे हैं। इसके अलावा जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक का पद भी रिक्त चल रहा है।
ऊधमसिंह नगर में रिक्त पदों पर तैनाती के लिए आग्रह किया है। इसी माह स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान दुर्गम से सुगम में आने की संभावना है।
- कुंवर सिंह रावत, मुख्य शिक्षाधिकारी, ऊधमसिंह नगर