काशीपुर में बाबा बौंगेशाह के मजार पर चादर पोशी करती कांग्रेस नेत्री मुक्ता सिंह।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। सांप्रदायिक सौहार्द के लिए प्रख्यात बाबा बौंगे शाह के सालाना उर्स में आस्ताने पर कव्वालियों की धूम रही। इस दौरान आस्ताने पर अकीदतमंदो ने चादरपोशी की। कुल की रस्म अदायगी के साथ तीन रोजा उर्स का समापन हो गया।
मोहल्ला अल्ली खां में दरगाह हजरत न्याज अली शाह उर्फ बाबा बोंगे शाह के आस्ताने पर 25 मार्च से उर्स का एहतमाम किया गया था। मजलिस के बाद दो दिनों तक बाबा के दरबार में कव्वालों ने नातियां और सूफियाना कलाम पेश किया। शनिवार की रात उर्स शिरकत करते हुए कांग्रेस नेत्री मुक्ता सिंह ने बाबा के आस्ताने पर हाजिरी देकर चादरपोशी की। इस मौके पर देश की खुशहाली और अमन चैन के लिए दुआएं मांगी गई। उर्स के दौरान आस्ताने पर लंगर जारी रहा। रविवार को कुल की रस्म हुई। जिसमें उलेमा ने तकरीर कर लोगों ने खुदा के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। कहा कि लोग नमाज कायम करें और बुराइयों से बचें। इस दौरान कमेटी के सदर अज्जू खां, रफी खान, जफर मुन्ना, रईस अहमद, छोटू खां, वसीम अकरम, मोनिश, आशी, सलमान खान, मो. शुएब, सद्दाम हुसैन, परवेज, समर खां, अजीम खां व परवेज मंसूरी आदि मौजूद रहे।