रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रा को थप्पड़ जड़ने और अभद्रता करने का आरोप लगा छात्र-छात्राएं भड़क उठे। उन्होंने कोतवाली को घेरकर हंगामा किया और प्रधानाचार्य को निलंबित करने की मांग की। देर शाम तक छात्र-छात्राएं कोतवाली में अड़े रहे। उनकी मांग ये भी थी कि प्रधानाचार्य कोतवाली आकर माफी मांगे।
शहर के एक पाॅलिटेक्निक कॉलेज में दूर-दराज से आकर छात्र-छात्राएं टेक्निकल कोर्स करते हैं। यहां पढ़ने वाली ऑटोमोबाइल की छात्रा का कहना है कि उसकी दो विषय में बैक आई है। शुक्रवार को वह फार्म भरने कॉलेज गई थी। जब वह कक्षा में आई तो प्रधानाचार्य ने उसे थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं एक छात्रा की टाई पकड़कर उसे खींचा गया। जैसे ही छात्राओं से अभद्रता का आरोप एसबीएस कॉलेज के अध्यक्ष रतन बिष्ट को लगी वह कॉलेज पहुंच गए। देर शाम छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ कॉलेज के दर्जनों छात्र-छात्राएं त्रिशूल चौक से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंच गए और हंगामा किया। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
हंगामे के बाद धरने पर बैठी छात्राएं
रुद्रपुर। कोतवाली में देर शाम हंगामे के बाद छात्राएं धरने पर बैठ गईं। इस मौके पर एसएसआई अनिल जोशी व केसी आर्या उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन छात्र-छात्राएं सिर्फ कार्रवाई के लिए डटे रहे।
वी वांट जस्टिस के लगे नारे
कोतवाली में चले हंगामे के बीच छात्र-छात्राओं ने वी वांट जस्टिस के नारे लगाए। उनका कहना था कि छात्राओं पर अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रा से बर्बरता करने वाली प्रधानाचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
पुलिस ने छात्रा के बयान किए दर्ज
हंगामे के बीच पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज किए। साथ ही कॉलेज के प्रधानाचार्य को फोन का कोतवाली बुलाया गया। सीओ प्रशांत कुमार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की जाएगी।