। ड्यूटी से घर आ रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। सरकारी अस्पताल में डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
शनिवार रात जसपुर के वैशाली कालोनी निवासी संजय त्यागी (35) पुत्र मुन्नू सिंह रुद्रपुर से बाइक पर घर लौट रहा था। जसपुर मार्ग पर शिवराजपुर पट्टी पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन बाइक को टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे मेें संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे 108 एंबुलेंस की सहायता से एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल लाई, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। समाचार लिखे जाने रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
मृतक के भाई राहुल ने बताया कि वह तीन भाई थे। संजय रुद्रपुर में नील मेटल जेबीएम ग्रुप कंपनी में पहले स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत था। उसे दो साल पहले ही स्टोर मैनेजर बनाया गया था। संजय की एक पुत्री (16) और एक पुत्र (12) है। पिता मुन्नू सिंह खेती बाड़ी करते हैं। भाई सोमपाल दिल्ली में किसी प्राईवेट कंपनी में नौकरी करता है। राहुल खुद धामपुर में एक प्राईवेट बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत है। संजय की मौत की खबर सुनकर मृतक के पिता मुन्नू सिंह और भाई पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।