नैनीताल मार्ग पर तेज रफ्तार स्कूटी सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में स्कूटी चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात जगतपुरा आवास विकास कालोनी निवासी सौरभ यादव (27) पुत्र स्व. जागन सिंह स्कूटी यूके06एएच 2572 में साथी विनोद शर्मा (26) निवासी वार्ड नंबर 4 भदईपुरा के साथ हल्द्धानी से रुद्रपुर आ रहा था। डाबर फैक्ट्री के पास अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क में बने डिवाइडर से भिड़ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर में लगा लोहे का पोल उखड़ गया। हादसे की सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि साथी विनोद का उपचार चल रहा है।
मृतक सिडकुल की फैक्ट्रियों में माल सप्लाई का काम करता था। सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह ने बताया कि डिवाडर से स्कूटी काफी जोर से टकराई थी, जिससे स्कूटी में काफी घिसने के निशान भी हैं। शव को पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
एक महीने में खोए दो लाल
आवास विकास के जगतपुरा में रहने वाले यादव परिवार पर एक महीने में दूसरी बार दुखों का पहाड़ टूटा है। बीते सात फरवरी को मृतक के बड़े भाई पवन यादव का शव संदिग्ध हालत में नगर निगम के समीप नाले में बरामद हुआ था। परिवार पवन की मौत से उबरा ही था कि अब सौरभ की मौत ने झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार सौरभ की मौत के बाद अब विधवा मां और दो भाई ही रह गए हैं।
अगले महीने होने वाली थी शादी
मृतक सौरभ यादव की अगले महीने शादी होनी थी। मृतक के परिचितों ने बताया कि भगवानपुर गांव की एक लड़की से सौरभ की मंगनी हो चुकी थी। पहले यह शादी मार्च में होनी थी, लेकिन बड़े भाई पवन की मौत की वजह से यह टल दी गई थी।