काशीपुर। कोरोना काल में गर्भवती महिलाओं को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अल्ट्रासाउंड करने वाले रेडियोलॉजिस्ट के कोविड पॉजिटिव आने से करीब 15 दिन से अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लगा है। इससे गर्भवती महिलाओं को निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों से जांच करानी पड़ रही है। इधर, अस्पताल अधीक्षक पीके सिन्हा ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट के स्वस्थ होने पर अल्ट्रासाउंड शुरू करा दिए जाएंगे।
सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं, आयुष्मान कार्ड धारकों और बीपीएल कार्ड धारकों से शुल्क नहीं लिया जाता जिसके चलते इस श्रेणी के सभी लोग सरकारी अस्पताल से इलाज और जांच करवाते हैं। इसके अतिरिक्त अन्य लोगों से अल्ट्रासाउंड का 570 रुपया लिया जाता है। निजी जांच लैबों में यही शुल्क 800 से एक हजार रुपये तक लिया जाता है। इधर, कुछ समय पूर्व से सरकारी अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं जिससे यहां लोगों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। दूसरे, रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था भी अस्पताल में नहीं है जिसके चलते अल्ट्रासाउंड कक्ष को ताला लगाया गया है।