रुद्रपुर में चल रहे केपीएल में बल्लेबाजी करता खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
केपीएल के चौथे दिन ऊधमसिंह नगर फाइटर्स और पिथौरागढ़ पैंथर्स के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में ऊधमसिंह नगर ने जीत दर्ज की। आखिरी दो गेंदों पर पिथौरागढ़ को जीत के लिए चार रन चाहिए थे, लेकिन दोनों गेंदों पर पिथौरागढ़ के खिलाड़ी कोई रन नहीं बना सके। जीत के साथ ही ऊधमसिंह नगर की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है।
शुक्रवार को टॉस जीतकर ऊधमसिंह नगर फाइटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए। कप्तान पंकज पांडेय और कैलाश बिष्ट ने पांचवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण 77 रन की साझेदारी की। कैलाश ने सर्वाधिक 47 रन बनाए। पिथौरागढ़ पैंथर की ओर से अमित सिराला और मयंक मिश्रा ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में पिथौरागढ़ पैंथर्स टीम 167 रन ही बना सकी। कार्तिक जोशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए, लेकिन फिर भी टीम को जीत नहीं दिला सके।
ऊधमसिंह नगर फाइटर्स के बल्लेबाज कैलाश बिष्ट को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शनिवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस दौरान केपीएल चेयरमैन नागेंद्र शर्मा, यशपाल शर्मा, चेतन चौहान, विनय जोशी, सुधांशु पंत, राजेंद्र कुमार, ऋषिपाल भारती, मयंक चौहान आदि थे।
इनके बीच होगी फाइनल में पहुंचने की जंग
ऊधमसिंह नगर फाइटर्स बनाम बागेश्वर डेविल्स
चंपावत वॉरियर्स बनाम अल्मोड़ा रॉयल्स