रुद्रपुर रोडवेज के दूसरे गेट पर बने पूछताछ केंद्र पर चने बनाता वेंडर
रुद्रपुर। रोडवेज डिपो में पूछताछ केंद्र की उचित सुविधा नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बस टर्मिनल के निर्माण कार्य के चलते डिपो में दो अस्थायी पूछताछ केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक बदहाल हालत में है तो दूसरे में चने बेचे जा रहे हैं। यात्री जानकारी जुटाने के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
रोडवेज डिपो के भवन में तीन पूछताछ केंद्र बनाए गए थे। पुराने भवन को ध्वस्त करने के बाद डिपो परिसर और गेट पर दो अस्थायी केंद्र बनाए गए। मैदान में छोटे से टिनशेड में बने केंद्र में एक कर्मचारी को बैठाया गया है। इसे देखने में पता ही नहीं चलता कि यह पूछताछ केंद्र है कोई छोटी सी दुकान। गेट पर बना केंद्र छोटे वेंडर के सामान रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां पर एक वेंडर चने बनाकर बेच रहा है। केंद्रों की ऐसी हालत के बावजूद डिपो की ओर से सुध नहीं ली जा रही है। इसका खामियाजा यहां से आवागमन करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
इनसेट
परेशानियां और भी हैं....
रोडवेज भवन हटने के बाद से डिपो में कई तरहही परेशानियां उत्पन्न हो गई हैं। यात्रियों के बैठने और बारिश से बचने के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। पानी और शौचालय की भी पर्याप्त सुविधा नहीं है। रात में रोशनी की कमी रहती है। इसके कारण रात के समय यात्रा करने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कोट-
यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए पूछताछ केंद्र की बदहाली और अतिक्रमण की जानकारी नहीं है। इसकी जांच की जाएगी। जो भी असुविधाएं हैं उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। -मधूसूदन मिश्रा, एआरएम