खटीमा। खटीमा की एक फैक्टरी में दो संदिग्ध सुरक्षा अधिकारी बनकर घुस गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ईस्टर इंडस्ट्रीज कंपनी के सुरक्षा अधिकारी मुत्तप्पा औरसंग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 नवंबर को दो लोग नेशनल सिक्योरिटी सर्विस लखनऊ शाखा के अधिकारी बनकर आए। उन्होंने कंपनी के भीतर विभिन्न सुरक्षा पोस्टों का निरीक्षण किया। जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उनसे पहचान पत्र और अधिकृत अनुमति पत्र मांगा तो वह नहीं दिखा पाए। इसके बाद दोनों सुबह आने की बात कहकर चले गए। अगले दिन कंपनी की आवासीय कॉलोनी परिसर में कुछ लोगों ने सी-4 ब्लॉक के पीछे कटीली तार को काटकर चोरी के इरादे से प्रवेश किया। कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।