रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो मामले में पुलिस अब तक पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का वॉयस सैंपल नहीं ले सकी है। उनके खिलाफ भाजपा की महिला नेता मीना शर्मा ने तहरीर दी है।
सोमवार को सीओ विभव सैनी ने बताया कि बीते 27 जनवरी को मीना शर्मा ने कोतवाली में पूर्व विधायक के खिलाफ तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रही है जिसमें पूर्व विधायक ठुकराल और अन्य की ओर से महिला नेता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की जा रही है। इसमें अश्लील शब्द भी कहे जा रहे हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मामले में बीते 17 अक्तूबर को पुलिस ने पूर्व विधायक को नोटिस देकर वॉयस सैंपल देने के लिए कहा था। 19 नवंबर को स्पीड पोस्ट से दोबारा नोटिस भेजा गया। हालांकि अब तक उनकी ओर से वॉयस सैंपल नहीं दिया गया है। सीओ ने बताया कि मामले में विवेचना जारी है। नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मेरे खिलाफ सरकार के इशारे पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। मैं वॉयल सैंपल देने के लिए तैयार हूं। - राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक