नानकमत्ता में मामूली रंजिश में चचेरे भाईयों की ओर से अपने साथियों के साथ ताऊ के घर पर पत्थरबाजी व तहेरे भाई की गोली मारकर हत्या करने का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके चचेरे भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी अभी गिरफ्त से दूर हैं।
बीती शनिवार की रात सिद्धा नवदिया निवासी सतनाम सिंह (35) पुत्र चरनजीत सिंह की उसके चचेरे भाई कुलदीप सिंह उर्फ बंटी ने अपनी पत्नी रमनदीप कौर, भाई लखविंदर सिंह उर्फ लक्की व तीन दोस्तों के साथ मिलकर गोली मारकर तब हत्या कर दी थी। हत्याकांड के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे।
मृतक के बड़े भाई सोनू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या की बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नानकमत्ता कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट के साथ सितारगंज, खटीमा कोतवाली और एसओजी टीम को लगाया था।
हत्याकांड के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी चचेरा भाई कुलदीप सिंह उर्फ बंटी व हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नागरा को मटिया बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी बाइक से बॉर्डर पार कर यूपी भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस व खोखे बरामद हुए।
एसएसपी अजय गणपति ने ग्राम सिद्धा नवदिया पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के परिजनों से जानकारी ली। नानकमत्ता कोतवाली में एसएसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। कुलदीप सिंह के विरुद्ध नानकमत्ता व हरप्रीत के विरुद्ध खटीमा कोतवाली में दो प्राथमिकी दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।