सितारगंज में अध्यक्ष पद पर नामांकन भरते व्यापार मंडल के निवर्तमान महामंत्री राजीव गुप्ता।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव के लिए गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में दूसरे दिन नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो गई। शनिवार को निवर्तमान महामंत्री राजीव गुप्ता और शरीफ अहमद ने अध्यक्ष पद पर नामांकन भरा।
वहीं, महामंत्री पद के लिए मनीष किनरा एवं सरफराज अंसारी ने परचा भरा। मुख्य चुनाव अधिकारी छगन लाल अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को पहले दिन अध्यक्ष व महामंत्री पद पर एक-एक व कोषाध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवारों ने परचा दाखिल किया था। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह 10 से 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
उसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। 15 मार्च को रामलीला भवन में मतदाताओं को रसीदें बांटीं जाएंगी। वहां सहायक चुनाव अधिकारी शिवकुमार मित्तल, लियाकत अली खां, भीमसेन गर्ग, अजीत सिंह जोशन, विजय सलूजा, राकेश त्यागी, राकेश ढल व त्रिलोक अरोरा आदि थे। (संवाद)