खटीमा से नेपाल को तस्करी कर ले जा रही बरामद प्याज व आलू के साथ आरोपी व झनकईया थाने की पुलिस टीम।
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। प्याज और आलू के दामों में बेतहाशा वृद्धि का लाभ तस्कर भी उठाने लगे हैं। झनकईया थाना पुलिस ने दो नेपाली नागरिकों को बाइक से पचास-पचास किलो प्याज और आलू ले जाते पकड़ा। जिन्हें मय माल कस्टम के सुपुर्द किया गया।
झनकईया थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को मेलाघाट श्मशान घाट के पास स्थित भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार नेपाल के दोधारा वार्ड 10 कंचनपुर निवासी टेकेंद्र और भूपेंद्र को रोका। इनके पास से पचास -पचास किलो प्याज और आलू के दो नग बरामद हुए। पूछताछ में बताया कि इन्हें नेपाल में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों और माल को कस्टम के सुपुर्द कर दिया। पुलिस टीम में प्रताप सिंह मेहरा, कांस्टेबल श्याम सिंह, दिनेश जोशी आदि थे।
..
90 हजार की दवा फेंककर तस्कर फरार
खटीमा। बुधवार की रात पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम मेलाघाट क्षेत्र से सटी नेपाल सीमा पर गश्त पर थी। सीमा स्तंभ 796-01 के पास एक बाइक को टीम ने रोका। इस पर बाइक सवार भागने लगे। अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर तस्कर बाइक से दो बॉक्स फेंक कर नेपाल की ओर फरार हो गए। इन बक्सों में करीब 90,393 रुपये कीमत की अंग्रेजी दवा बरामद हुई। झनकईया थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि टीम में एसआई मुकेश मिश्रा, कांस्टेबल श्याम सिंह, दिनेश जोशी, एसएसबी के इंस्पेक्टर जीडी मो. नाजिम, एचसी जीडी मदन राम, अम्रितेश, मुकेश शामिल रहे।