काशीपुर। अवैध खनन का विरोध करने पर खनन माफिया व ग्रामीणों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने नामजद दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम अजीतपुर दभौरा एहतमाली निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र रंजीत सिंह उर्फ राजेंद्र ने बीती 25 दिसंबर को पुलिस को तहरीर सौंपी थी। उसमें कहा था कि खनन वाहनों के रास्ते के विवाद में बीती 24 दिसंबर को नईम निवासी ग्राम परमानंदपुर, यासीन, मुस्तकीम तौकीरा, अकरम पहलवान, सलमान अली, हुसैन, शहादत, अजीम, रिजवान, शादाब अली निवासीगण ग्राम घोसीपुरा पट्टी कला, जिला रामपुर, यूपी अपने 50-60 लोगों के साथ आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसमें विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, बलजीत सिंह, जितेंद्र सिंह घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद समेत 50-60 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में 25 जनवरी को आरोपी नईम, मोहम्मद यासीन, शहादत और मुस्तकीम निवासीगण ग्राम घोसीपुरा थाना स्वार, रामपुर को गिरफ्तार कर चुकी है।
आईटीआई थाना प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को मसवासी रोड घोसीपुरा मिलक वाली पुलिया के नीचे से वांछित अभियुक्त सलमान अली निवासी घोसीपुरा थाना स्वार व शादाब अली निवासी मोहल्ला शिवनगर सुल्तानपुर पट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। बताया शेष अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रामपुर व मुरादाबाद में दबिशें दी जा रही हैं। साथ ही अज्ञात लोगों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। नामजद लोगों के विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और कुर्की वारंट लेकर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद