रुद्रपुर। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 31 दिसंबर को होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की प्रतियोगी परीक्षा को लेकर एडीएम जयभारत सिंह ने कलक्ट्रेट में सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रधानाचार्या और पर्यवेक्षकों की बैठक की। कहा कि रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए रुद्रपुर में बनाए गए 10 परीक्षा केंद्रों में 4200 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए रुद्रपुर में चार सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और चार सेक्टर मजिस्ट्रेट आरक्षित किए गए हैं। निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, पूरी पारदर्शिता तथा निष्पक्षता से संपन्न कराया जाए। इस कार्य में छोटी से छोटी लापरवाही भी क्षम्य नहीं होगी।
परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-144 लागू रहेगी। परीक्षा की ड्यूटी का निर्वहन बड़ी जिम्मेदारी से करना है। परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई फोटो स्टेट की दुकान खुली न रहें। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी या किसी भी अन्य प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल गैजेट परीक्षा केन्द्र पर लाने की अनुमति नहीं है। वहां पर प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट डॉ. अमृता शर्मा, एसडीएम गौरव पांडेय, मुख्य कृषि अधिकारी एके वर्मा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तेज सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरूद्ध आदि मौजूद रहे। संवाद