रुद्रपुर/खटीमा डीएम उदयराज सिंह ने कहा कि हरेला पर 17 जुलाई से 15 अगस्त तक दो लाख पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी जरूरी है।
शनिवार को उन्होंने जिला कार्यालय स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में हरेला पर जिले में शुरू होने वाले वृक्षारोपण अभियान को लेकर बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधे लगाने वाले स्थान का नाम, लगाए गए पौधों की संख्या, फोटो लगाते समय के फोटोग्राफ, पौधारोपण में शामिल जनप्रतिनिधियों के नाम सहित पूरा ब्योरा उपलब्ध कराएं। खाली पड़े परिसर में पौधारोपण के लिए वन और उद्यान विभाग से समय से पौधों की मांग कर ली जाये। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत की ओर से शहरी क्षेत्रों में हरियाली पर विशेष ध्यान दिया जाए। 15वें वित्त से जल संरक्षण एवं संवर्धन के तहत पौधरोपण किया जाये। वहां पर डीएफओ हिमांशु बागरी, एडीएम जय भारत सिंह, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत, मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी आदि थे। इधर, खटीमा में सहायक विकास अधिकारी यामिनी सनवाल ने बताया कि उद्यान विभाग हरेला पर लगभग 1500 फलदार पौधे बांटेगा। 50 प्रतिशत छूट पर आम, अमरूद, लीची आदि के पौधे सोमवार को ब्लॉक परिसर में वितरित किए जाएंगे।संवाद
फोटो-01पी- रुद्रपुर के दूधिया बाबा कन्या छात्रावास परिसर में पौधे रोपते लोग।
दूधिया बाबा कन्या छात्रावास परिसर में बनेगा औषधीय उद्यान
रुद्रपुर। श्री दूधिया बाबा कन्या छात्रावास परिसर में औषधीय उद्यान बनाने के लिए भारत विकास परिषद की ओर से अश्वगंधा, नीम, तेजपत्ता, लौंग, तुलसी, सर्पगंधा, सहजन, एलोवेरा, सतावर, सिंदूरी, जामुन, बेल समेत 51 प्रकार के पौधे रोपे गए हैं।
शनिवार को परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत डालचंद की प्रेरणा से पौधे रोपे गए हैं। रुद्रपुर शाखा परिषद के अध्यक्ष विष्णु सक्सेना, सचिव कीर्ति शर्मा और समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने कहा कि सभी को पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। वहां मनोज अरोरा, कैलाश अग्रवाल, निखिल टंडन, सीमा बिंदल, दिवाकर पांडेय, प्रेमा, शक्ति बठला, केवल कृष्ण ईशपुजानी आदि थे।