बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कहासुनी होने पर छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर हाथापाई हो गई जिसमें दो छात्र चोटिल हो गए। इस पर हंगामा हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। शनिवार को पीजी कॉलेज में प्राध्यापक डाॅ. अनिल सैनी और अन्य शिक्षकों के पास प्रवेश के संबंध में लोकेश चौहान और रितिक वार्ता करने के लिए गए थे। इस दौरान दोनों छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच हाथापाई हो गई। मारपीट में दोनों को मामूली चोट आई है। शिक्षकों ने समझाकर मामला शांत कराया। वहीं दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। देर शाम तक कोतवाली में दोनों पक्ष के समर्थक जमा थे। इधर, कोतवाली पहुंचे सीनियर छात्र दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुटे हैं।