रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में आरटीपीसीआर जांच के लिए लगी लाइन।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ती को देखते हुए दो और निजी अस्पतालों को डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में तब्दील कर दिया गया है। दोनों अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही जिले में कुल डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटरों की संख्या सात हो गई है।
जिले में अब तक रुद्रपुर जिला अस्पताल के साथ ही उजाला अस्पताल काशीपुर, मेडिसिटी अस्पताल रुद्रपुर,प्रयास अस्पताल खटीमा, प्रयास अस्पताल सितारगंज में डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर की सुविधा थी। अब रुद्रपुर के गौतम अस्पताल व काशीपुर के देवभूमि अस्पताल को डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर बना दिया गया है। दोनों हेल्थ सेंटर में 33-33 बेड उपलब्ध कराए गए हैं। गौतम अस्पताल में ऑक्सीजन युक्त 28 बेड व देवभूमि अस्पताल में ऑक्सीजन युक्त 15 बेड हैं। जबकि जिले के सातों डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटरों में कुल 608 बेड और 467 ऑक्सीजन युक्त बेड हैं। इधर, जिले में 5,410 लोगों ने कोरोना टीका लगवाया। रुद्रपुर की लोक विहार कॉलोनी में टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज परिसर और रामपुर सीमा पर कोरोना जांच के लिए आरटीपीसीआर के सैंपल लिए गए।
जिले में 266 संक्रमित मिले, एक महिला की मौत
रुद्रपुर। जिले में शुक्रवार को 266 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को आइसोलेट कर दिया है। जबकि किच्छा मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जिले में सर्वाधिक 108 कोरोना संक्रमित काशीपुर में मिले। जबकि सितारगंज में 45, खटीमा में 42, किच्छा में 29, बाजपुर में 21, रुद्रपुर में 12, गदरपुर में आठ और जसपुर एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जिले में लगातार आरटीपीसीआर की सैंपलिंग की जा रही है।
रुद्रपुर विकास भवन में सैनिटाइज करता कर्मी।- फोटो : RUDRAPUR