रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प में पदयात्रा करते कांग्रेसी नेता।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। काँग्रेस के जिला महासचिव सुशील गाबा और ओंकार सिंह ढिल्लो ने शहर की बदहाल मुख्य सड़कों व लिंक मार्गो की दुर्दशा पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का ध्यान आकृष्ट करने के लिए गांधीगीरी का रास्ता अपनाया है। दोनों ने तिरंगा हाथ में लेकर सुबह 8 बजे से सिंह कॉलोनी से पदयात्रा शुरू की है। दोनों नेता इंद्रा कॉलोनी, घास मंडी, आदर्श कॉलोनी, सिविल लाइन्स, शिवनगर सहित 20 वार्डों में दोपहर 12 बजे तक 20 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। जगह-जगह लोगों ने पदयात्रा का समर्थन किया। सुशील गाबा नें कहा कि रुद्रपुर की जनता के साथ सत्ताधारी भाजपा ने बड़ा भारी धोखा किया है। मुख्य नगर अधिकारी की लालफीताशाही व मेयर की अक्षमता व अकर्मण्यता से पूरे शहर में सड़कों का बुरा हाल है। सड़कों की इतनी दुर्दशा हो चुकी है कि रोजाना कई लोग चोटिल होतें है।बारिश में हालात बद से बदतर हो जाते है। आज एक विपक्षी पार्टी का सिपाही होने के नाते वो यह पैदल पद यात्रा निकाल रहे हैं। अब रोजाना 2 घंटे वह हर बस्ती में इन बदहाल सड़कों के खिलाफ रोजाना अकेले पदयात्रा निकालकर इस कुव्यवस्था के ख़िलाफ़ अपना विरोध दर्ज करवाएँगे। उन्होंने मुख्य नगर आयुक्त जयभारत सिंह को हटाने की मांग की है।