- पुलिस ने गश्त के दौरान नशा तस्करों को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। पुलिस ने गश्त के दौरान नशे के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 136 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
सीओ वंदना वर्मा और कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि रविवार देर शाम कोतवाली पुलिस संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के पीछे बाग में खड़े दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। इस पर उन्हें घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से प्रतिबंधित 136 इंजेक्शन बरामद हुए।
आरोपियों ने अपना नाम आदिल उर्फ जुम्मा निवासी काजीबाग और विशाल उर्फ विक्की निवासी वाल्मीकि कालोनी महेशपुरा थाना काशीपुर बताया। आरोपियों ने बताया कि वह नशे के इंजेक्शन सिंह मेडिकल स्टोर व आशा मेडिकल स्टोर काशीपुर से खरीदकर लाते हैं और ऊंचे दामों पर नशे के आदी लोगों को बेचते हैं। पुलिस उनका आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि प्रकाश में आये दोनों मेडिकल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।