खटीमा। पुलिस ने चिटफंड कंपनी खोलकर क्षेत्र के लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सीओ वीर सिंह ने बताया कि ग्राम बानूसी निवासी सत्यपाल सिंह ने तहरीर में कहा था कि छह लोगों ने उससे और क्षेत्र के कई लोगों से ऊंची दरों पर ब्याज का लालच देकर 70-80 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामले में ओमप्रकाश गली संख्या-1 निवासी कुंदनपुर थाना मझोला जिला मुरादाबाद यूपी, फूल सिंह निवासी नगर चौराहा लाइनपार मुरादाबाद, ललिता देवी निवासी कुंदनपुर मुरादाबाद, सुनील कुमार निवासी मुरादाबाद, भगवान दास गंगवार निवासी शाहपुर मुरादाबाद और राधेश्याम निवासी लाइनपार मुरादाबाद पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने सुनील कुमार और भगवान दास गंगवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। सीओ ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस इसी साल 27 मई को ओमप्रकाश व फूल सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर तलाश जारी है।