दीवार में लिखा मिला सुसाइड नोट, बेटी पर दस लाख रुपये मांगने का आरोप
मृतक ने कुछ दिन पहले ही मुख्य बाजार में लाखों रुपये की बेची थी दुकान
घर में अकेला रहता था वृद्ध, पत्नी की कुछ साल पहले हो चुकी है मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। एक वृद्ध व्यापारी का शव संदिग्ध हालात में घर में बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घर की दीवार पर लिखे नोट में एक बेटी पर दस लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आवास-विकास की पुष्प विहार कॉलोनी में व्यापारी चंचल छाबड़ा (66) अकेले रहते थे। उनकी पत्नी कुछ साल पहले कैंसर के चलते मौत हो चुकी है। उनकी बड़ी बेटी मोनिका की शादी बरेलेी और छोटी बेटी अर्पणा की शादी दिल्ली में हुई है। शादीशुदा बेटा शशांक बेंगलुरु में रहता है।
शुक्रवार सुबह जब काम करने वाली महिला आई तो घर का दरवाजा बंद था। काफी खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा को चंचल छाबड़ा मृत अवस्था में बेड पर पड़े थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक के बेटे और बेटियों को सूचना दी।
जिस कमरे में वृद्ध मृत पड़ा मिला, वहां दीवार पर लिखे नोट में एक बेटी पर उससे दस लाख रुपये मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि चंचल की नगर निगम के पास एक दुकान थी, जिसे उन्होंने कुछ दिन पहले लाखों रुपये में बेची थी। बताया जाता वह कमेटी में रुपये लगाया करता था। आए दिन उसका लेन-देन को लेकर लोगों से विवाद भी होता रहता था। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण विसरा परीक्षण के भेजा जा रहा है।
- पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा जांच के लिए भेजा रहा है। जिस कमरे में मृतक का शव पड़ा था उस कमरे की एक दीवार पर सुसाइड नोट लिखा था। जिसमें उसने अपनी एक बेटी पर दस लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - अभय सिंह, एसपी, काशीपुर।