बकरीद की छुट्टी का फायदा उठाकर कालेज में कैंटीन कारीगर ने बर्तन धोने वाली महिला की नाबालिग पुत्री से दुराचार का प्रयास किया। युवक के चंगुल से छूटी किशोरी ने जब गांव में जाकर आपबीती सुनाई तो गुस्साए ग्रामीणों ने कालेज पहुंचकर बवाल मचाया।
उन्होंने कालेज गेट पर मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को कालेज से निकालकर थाने ले आई। बाद में पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एक गांव की महिला ने थाने में दी तहरीर में कहा कि जाफरपुर मार्ग पर स्थित एक कालेज की कैंटीन में वह कभी-कभी बुलावे पर बर्तन धोने चली जाती थी। साथ में उसकी 12 साल की पुत्री भी उसके साथ जाती थी। मंगलवार सुबह कैंटीन का कारीगर गदरपुर शिवनगर वार्ड 9 निवासी सतीश कुमार उसके घर पर आया और कैंटीन में सफाई करने की बात कर उसकी पुत्री साथ भेजने की बात कही।
कालेज में छुट्टी से बेखबर मां ने कारीगर पर विश्वास कर बेटी को उसके साथ भेज दिया। आरोप है कि कारीगर ने कैंटीन में ले जाकर उसकी बेटी से दुराचार का प्रयास किया। उसकी बेटी किसी तरह कारीगर के चुंगल से निकलकर कालेज की दीवार फांदकर खेतों के रास्ते होते हुए अपने घर पहुंची और रोते हुए आपबीती सुनाई। घटना सूचना आग की गांव में फैली तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने कालेज गेट पर हंगामा किया।
सूचना पर मौके में भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। उन्होंने आरोपी को उनके हवाले करने के साथ कालेज के मालिकों को मौके पर बुलाने की बात कही। बाद में जिला पंचायत सदस्य राजेश बजाज और ग्राम प्रधान अशोक राय के समझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद बमुश्किल पुलिस ने आरोपी को बाहर निकाला और थाने ले आई। बाद में किशोरी की मां ने तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 511, 7/8 पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
जाफरपुर मार्ग स्थित कालेज में दुराचार के प्रयास की सूचना देने के बाद भी मात्र तीन किमी दूर स्थित दिनेशपुर थाने की पुलिस को मौके पर पहुंचने में एक घंटे से भी अधिक का समय लग गया। इससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश था। यदि ग्रामीण कालेज को चारों ओर से घेरकर नहीं रखते तो आरोपी मौके से फरार हो सकता था। हंगामे के दौरान करीब एक घंटे तक जाफरपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने पर विधायक राजकुमार ठुकराल ने पीड़ित के घर पर जाकर घटना की जानकारी ली हालचाल जाना।