जसपुर। तिरपाल की रस्सी खोलते समय ट्रक का परिचालक 11केवी की विद्युत लाइन से झुलस गया। लोगों ने उसे गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है लेकिन स्थिर है।
गर्ग अस्पताल के पीछे नहर के सामने थोक व्यापारी का खाद्य सामान का गोदाम है। इसी गोदाम पर मंगलवार को 12 टायरा ट्रक से लेबर के जरिये नमक उतारा जा रहा था। नमक अहमदाबाद से आया था। फतेहपुर सीकरी, आगरा (यूपी) निवासी ट्रक चालक शाहरूख अहमद ने बताया कि नमक उतारने के लिए ग्राम मुकुंद नगला सैह थाना मलाह जिला भरतपुर (राजस्थान) निवासी परिचालक मनीष कुमार तिरपाल की रस्सी खोलने के लिए ऊपर चढ़ा था। उसके ऊपर से गुजर रही 11केवी की विद्युत लाइन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे परिचालक बुरी तरह झुलस गया और रस्सी के सहारे ट्रक से जमीन पर आ गिरा। बड़ा हादसा होने से तो बच गया लेकिन परिचालक घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे गंभीर अवस्था में पास में ही एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। ईएमओ डाॅ. एमपी सिंह ने बताया कि परिचालक 35 प्रतिशत झुलसा है। उसकी हालत चिंताजनक है लेकिन स्थिर है, जिसका उपचार जारी है। कोतवाल राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि घटना में कोई तहरीर नहीं आई है। चालक ने बताया कि परिचालक के परिजनों को घटना को सूचना दे दी गई है।