सितारगंज। रुद्रपुर से सिडकुल आ रहे इंजीनियर की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चालक इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि ट्रक चालक फरार हो गया। हादसे में इंजीनियर का हेलमेट चकनाचूर होने से उसे सिर पर गंभीर चोट आईं थी।
ग्राम मुंडिया नसीर थाना बहेड़ी जिला बरेली निवासी अलीम अख्तर (22) पुत्र मो. यामीन रुद्रपुर बिग बाजार के पास स्थित कैड सेंटर में इंजीनियर था। बुधवार को वह किसी काम से सिडकुल आ रहा था। नया गांव हाइवे पर बजरी से लदे ट्रक (यूपी25-7247) ने गलत दिशा में आकर उसकी बाइक (यूके06एआर-8176) को टक्कर मार दी। हादसे में अलीम का हेलमेट चकनाचूर होने से उसके सिर पर गंभीर चोट आईं। आसपास के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में आधे घंटे तक डॉक्टरों के इलाज न करने पर परिजन भड़क गए। इस पर डॉक्टरों ने ईसीजी की सलाह देकर उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन नगर के निजी अस्पताल ले गए, जहां ईसीजी के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजन अलीम को भोजीपुरा के श्रीराम मूर्ति अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अलीम के बड़े भाई सलीम अख्तर ने बताया कि वह छह भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। चारों बहनों की शादी हो चुकी है। मां इशरत बेगम बेटे के गम में बेसुध है। एसआई धीरेंद्र सिंह परिहार ने बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया। बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्कूटी और बाइक की टक्कर में दो घायल
सितारगंज। खटीमा मार्ग पर बुधवार को सरकारी अस्पताल के पास अज्ञात स्कूटी और बाइक (यूके06एएन-8871) की भिड़ंत हो गईं। इससे बाइक सवार वार्ड आठ निवासी निजाम (24) पुत्र शेरा खान और सगीर (26) पुत्र रहीस अहमद घायल हो गए, जबकि स्कूटी चालक मय स्कूटी के मौके से फरार हो गया। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां निजाम की गंभीर स्थिति को देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। ब्यूरो