रुद्रपुर। बागवाला में 11 हजार वोल्टेज की लाइन से निकली चिंगारी से भूसे से लदी ट्राॅली में आग धधक गई। हादसे में ट्रैक्टर व चालक दोनों बाल-बाल बच गए। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। मगर तब तक ट्राॅली व उसमें रखा भूसा जलकर नष्ट हो गया। ट्राॅली के तीन टायर भी आग की भेंट चढ़ गए।
एफएसओ महेश चंद्र ने बताया कि मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे दमकल को सूचना मिली कि बागवाला में ट्रैक्टर-ट्राॅली में आग लग गई है। इस पर टीम एक गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची और धधक रही ट्राॅली से आग बुझाई। उन्होंने बताया कि किसान हरप्रीत सिंह अपने खेत से ट्राॅली में भूसा लेकर घर आ रहा था। रास्ते में ट्राॅली 11 हजार वोल्टेज की लाइन से टकरा गई। लाइन से निकली चिंगारी से भूसे में आग लग गई। आनन-फानन चालक ने ट्राॅली से ट्रैक्टर को अलग किया। अग्निकांड में ट्राॅली और भूसा जल गया। टीम में गिरीश बिष्ट, उमेश चंद्र, नवल प्रभात, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।
गेहूं की नरई में लगी आग
खटीमा। बानूसी में मंगलवार को खेत में गेहूं की नरई में आग लग गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कमल सिंह बोरा के खेतों में गेहूं की नरई में आग लगी थी। आग फैलकर घर के पास रखे पराली के ढेर तक पहुंच रही थी। अग्निशमन दल ने मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर हौज रील से आग को बुझाया। वहां पर राजेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, केदार सिंह, पूनम बिष्ट, पूजा कोहली, पूरन गिरी,अमित नाथ आदि थे।