बाइक से खाना खाने के लिए रोडवेज कार्यशाला से अपने घर जा रहे रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के काशीपुर शाखा के अध्यक्ष को रुद्रपुर रोड मेें तेज रफ्तार से आ रहे ट्राले ने कुचल दिया। दुर्घटना में मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्राले को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सत्यपाल सिंह (52) पुत्र खैरातीलाल रोडवेज डिपो में चालक पद पर तैनात थे। उसकी ड्यूटी रात के डिपो कार्यशाला में थी। बुधवार की रात वह कार्यशाला से खाना खाने के लिए बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। डिपो के सामने रुद्रपुर रोड में रुद्रपुर से तेज रफ्तार से आ रहे वाहन संख्या एचआर 68 ए 7612 के ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जमीन पर गिरे सत्यपाल को ट्राले ने कुचल दिया। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर डिपो के कर्मचारी और पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
। मृतक सत्यपाल तीन भाईयों में दूसरे नंबर के थे। उनके बड़े भाई मोतीराम की 5 महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। छोटा भाई धर्मपाल सिंह उर्फ पाले पहलवान है। सत्यपाल का बड़ा बेटा हिमांशु अपंग है, जबकि छोटा बेटा सूरज पॉलीटेकिभनक कर चुका है। हादसे के बाद पत्नी कविता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक सत्यपाल सिंह रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पांच साल से काशीपुर शाखा के अध्यक्ष थे। वे कर्मचारियों के हितों के हमेशा मुखर रहते थे। उनकी मौत के बाद कर्मचारियों में शोक की लहर है। बृहस्पतिवार को रोडवेज कर्मचारी यूनियन, रोडवेज इंप्लाइज यूनियन, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद यूनियन के सभी कर्मचारियों ने कार्यशाला गेट में शोक सभा की। उन्होंने दो मिनट का मौन रखकर सत्यपाल को श्रृद्धांजलि दी। इस मौके पर एजीएम अनिल कुमार सैनी, मोहम्मद यामीन, हरीश चंद्र, सुनील कुमार आर्य, पंकज भटनागर, सुरेंद्र कांबोज, धीरज गुप्ता, विक्रम, गुरजंट सिंह सहित सभी कर्मचारी शामिल रहे।