लालपुर में युवा वाहिनी के अध्यक्ष को डिवाइडर तोड़ने से रोकते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाइवे में टोल प्लाजा के बाद अब कट खुलवाने को लेकर सियासत गर्मा रही है। हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकांत राठौर ने कार्यकर्ताओं के साथ बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने घन से जबरन कट खोलने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रोका तो दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। तहसीलदार और कोतवाल ने दो दिन में कट खुलवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
दरअसल बीते तीन मई को कलक्ट्रेट में हुई दिशा की बैठक में एनएच में कट खोलने का मुद्दा किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने जोरशोर से उठाया था। इस पर अधिकारियों ने तीन दिन में कट खोलने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को हिंदू वाहिनी कार्यकर्ता हाथों में घन लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने आ धमके। वे डिवाइडर को तोड़कर कट खोलने की कोशिश करने लगे। इसी बीच लालपुर चौकी प्रभारी सतपाल सिंह फोर्स से के साथ वहां पहुंचे और कार्यकर्ताओं से डिवाइडर तोड़ने से रोक दिया।
गुस्साए कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हाईवे निर्माण के समय ही क्षेत्र के लोगों ने पेट्रोल पंप और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच कट खोलने की मांग की थी। कट नहीं होने से कई लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं। इन घटनाओं को लेकर गल्फार पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। हंगामे की सूचना पर पहुंचे तहसीलदार महेंद्र सिंह बिष्ट और कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने दो दिन के अंदर कट खुलवाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सुधीर शाही, नवनीत मिश्रा, छत्रपाल, राहुल राठौर, उपेंद्र पाठक, भूपराम राठौर, अनिल गुप्ता, त्रिभुवन सिंह आदि थे। इधर, टोल प्लाजा मैनेजर पीके चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों को एनएचआई से कट खोलने की स्वीकृति लेनी चाहिए।
युवा वाहिनी से भाजपाइयों ने बनाई दूरी
लालपुर। हाईवे में कट खुलवाने को लेकर हिंदू वाहिनी कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग दिखे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विपिन जल्होत्रा, ग्रामीण मंडल महामंत्री अक्षय अरोरा सहित अनेक पदाधिकारी युवा वाहिनी के आंदोलन से कन्नी काटे रहे। भाजपाइयों का कहना था कि जब विधायक राजेश शुक्ला इस मुद्दे को लेकर धरने पर बैठने का ऐलान कर चुके हैं तो जबरन कट खुलवाने का प्रयास करना अनुचित है।