गदरपुर में गूलरभोज रोड़ पर काटे गए खजूर के पेड़। ऋ
- फोटो : RUDRAPUR
गदरपुर। गूलरभोज रोड पर खजूर के पेड़ काटने का विरोध कर लोगों ने पौधरोपण की मांग की है।
गूलरभोज रोड पर शनिवार सुबह खजूर के 10 से अधिक पेड़ काट दिए गए। घूमने गए लोगों ने इसका विरोध किया। उन्होंने पेड़ कटवा रहे श्रमिक और ठेकेदार से अनुमति दिखाने के लिए कहा लेकिन वह अभिलेख नहीं दिखा सके। लोगों ने बताया कि खजूर के पेड़ों पर बगुला सहित कई पक्षियों ने घोंसले बनाए थे जो पेड़ गिरने से नष्ट हो गए। नगर पालिका इन पेड़ों को ठेके पर भी देती थी। पालिका के ईओ प्रवीण कुमार सक्सेना ने मामले को वन विभाग का बताया।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कुछ दुकानदारों ने इन पेड़ों से खतरा बता इन्हें कटवाने की मांग की थी। विभागीय जांच के बाद कटान की अनुमति दी गई है। वह काटे गए पेड़ों की सही संख्या नहीं बता सके लेकिन चर्चा है कि वन विभाग ने एक-दो पेड़ों को काटने की अनुमति दी थी जिसकी आड़ में अधिक पेड़ों को काट दिया गया।
वरिष्ठ अधिवक्ता सुभान अहमद, पूर्व सभासद राकेश चावला, व्यापार मंडल के पूर्व कोषाध्यक्ष राजकुमार सिंधी ने पेड़ काटने को गलत बताया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों से पेड़ों को कटवाया गया है वहां छायादार और फूलदार पौधे लगाए जाने चाहिए। युवा उद्यमी और प्रकृति प्रेमी लवली हुड़िया ने मामले की जांच की मांग की।