रुद्रपुर। एनएच 109 में राहगीरों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज बनने लगे हैं। हाईवे पर वाहनों के दबाव के कारण राहगीरों को सड़क पार करने में हो रही दिक्कत को देखते हुए यह निर्माण किया जा रहा है।
एनएच 109 में नगर क्षेत्र में छह फुट ओवरब्रिज स्वीकृत हैं। इनमें से दो फुट ओवरब्रिजों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। एक फुट ओवरब्रिज सिडकुल के पास तो एक कलक्ट्रेट के पास बन रहा है।
इन जगहों पर कलक्ट्रेट और सिडकुल के लिए लोग बड़ी संख्या में पैदल आवाजाही करते हैं। राहगीरों को सड़क पार करने के लिए वाहनों के गुजरने का इंतजार करना पड़ता है। एनएच पर लगातार वाहन चलने से कई बार इंतजार काफी लंबा हो जाता है और सड़क पार करने में खतरा भी बना रहता है। फुट ओवरब्रिज बनने के बाद इन स्थानों पर पैदल आवाजाही बगैर किसी दिक्कत के हो पाएगी।
एनएच 109 पर नगर क्षेत्र में चार और फुट ओवरब्रिज बनाए जाने हैं। पर्याप्त जमीन उपलब्ध न होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पा रहा है। कलक्ट्रेट के पास बन रहे फुट ओवरब्रिज के निर्माण में प्रशासन ने कुछ आपत्ति लगाई थी। उसका निस्तारण हो गया है।