काशीपुर। रेलवे ने फिर रामनगर रेलवे जंक्शन के टिकट यात्रियों को बेचकर उन्हें परेशानी में डाल दिया। जबकि रामनगर में उन्नयन कार्य के चलते प्लेटफार्म नंबर एक का ब्लॉक लिया गया। जिसके चलते कई सवारी रेलगाड़ी रामनगर तक नहीं जा रही हैं।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर उन्नयन कार्य के लिए प्लेटफार्म नंबर एक का ब्लॉक लिया गया है। जिसके चलते 12 दिसंबर से 25 जनवरी तक कुछ ट्रेन रद्द कर काशीपुर तक संचालित हो रही हैं। इसके लिए रेलवे विभाग की ओर से रामनगर तक का टिकट नहीं बेच जा रहा है। बावजूद इसके मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से लगातार रामनगर के लिए टिकट बेचे जा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें बृहस्पतिवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से फिर रामनगर के टिकट यात्रियों में बेच दिए। जिन्हें काशीपुर रेलवे जंक्शन ट्रेन रुकने पर जानकारी हुई कि ट्रेन काशीपुर से रामनगर नहीं जाएगी। तब लोगों ने स्टेशन अधीक्षक से मुलाकात कर अपने समस्या बताते हुए नाराजगी जताई। उनके समझाने पर लगभग 25-30 यात्री अन्य साधनों से अपने गत्वंय को रवाना हो गए।
इससे पहले बीती 17 दिसंबर की शाम को मुरादाबाद-रामनगर संचालित होने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 05368 काशीपुर स्टेशन पर रुक गई। काफी देर तक ट्रेन के नहीं चलने पर यात्रियों को पता चला कि रामनगर के लिए ट्रेन रद्द है। जिसको लेकर यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। तब करीब 40-50 यात्री ट्रेन में सवार रहे थे। वहीं 18 दिसंबर को कटघर (मुरादाबाद) से रामनगर के लिए लगभग 50 टिकट बेच दिए गए। जिन्हें रात में लगभग आठ बजे संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से रामनगर भेजे गए। संवाद
कोट
रामनगर रेलवे स्टेशन के उन्नयन कार्य के लिए ब्लॉक के चलते काशीपुर-रामनगर के बीच 25 जनवरी तक ट्रेन रद्द की गई है। मुरादाबाद स्टेशन से यात्रियों को टिकट बेचना गलत है। इस संबंध में मुरादाबाद के रेलवे अधिकारियों से बात कर रामनगर के लिए टिकट नहीं बेचने के लिए कहा जाएगा।
- रवि शंकर, स्टेशन अधीक्षक, काशीपुर रेलवे जंक्शन।