महुआखेड़ागंज। नगर के मुख्य चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौराहे के बीचोंबीच तिरंगे झंडे की सुरक्षा के लिए लगाई गई ग्रिल और पहले से संकरी सड़क के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र होने के चलते चौराहे से दिनभर बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में कई बार घंटों तक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। वहीं, ई-रिक्शा चालक चौराहे पर मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर देते हैं। शाम के समय अंडे, पकौड़ी और चिकन के ठेले लगने से भी भीड़ बढ़ जाती है। खाने-पीने का सामान लेने आने वाले लोग अपनी बाइक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी कर देते हैं। इससे आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। उन्होंने चौराहे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है।
अभी पार्किंग की कोई निर्धारित व्यवस्था नहीं है। पुलिस प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी है। कई बार ई-रिक्शा हटवाए गए हैं। पुलिस प्रशासन के साथ वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। -सतीश कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका महुआखेड़ागंज