फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुस्साए व्यापारियों की दोटूक, इजाजत दो वरना आज से खुलेगा बाजार

विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर/खटीमा/सितारगंज/किच्छा। सरकार की ओर से बढ़ाए गए कोविड कर्फ्यू में बाजार खोलने की रियायत नहीं मिलने से जिले भर में व्यापारियों में गुस्सा देखने को मिला। गुस्साए व्यापारियों ने कहीं जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया तो कहीं प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर नारेबाजी की। रुद्रपुर में तो व्यापारियों ने विधायक राजकुमार ठुकराल का घेराव कर उन्हें खूब खरीखोटी सुनाई। व्यापारियों ने डीएम से कहा कि यदि सरकार बाजार खोलने की अनुमति नहीं देती है तो वे मंगलवार को स्वयं बाजार खोल देंगे। डीएम ने व्यापारियों से नियमों का उल्लंघन नहीं करने और उनकी मांगों से शासन को अवगत कराकर रास्ता निकालने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

रुद्रपुर में सोमवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा की अगुवाई में व्यापारियों ने बाटा चौक से जुलूस निकाला। गल्ला मंडी, गोल मार्केट, विधवानी मार्केट होते हुए व्यापारी बाटा चौक पर पहुंचे तो वहां से गुजर रहे विधायक राजकुमार ठुकराल उनसे टकरा गए। यहां विधायक ठुकराल को व्यापारियों का आक्रोश झेलना पड़ा। व्यापारियों ने उनके सामने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने कहा कि सरकार को व्यापारियों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
कोविड कर्फ्यू बढ़ा दिया गया लेकिन बाजार खोलने के लिए कोई फैसला नहीं लिया गया है। व्यापारियों को दुकान का किराया, बिजली का बिल, बैंकों की किस्त, जीएसटी, बच्चों की स्कूल फीस देनी भारी पड़ रही है। व्यापारियों के आर्थिक हालात खराब हो गए हैं। विधायक ने कहा कि व्यापारियों की मांग जायज है। इस संबंध में उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री को भी व्यापारियों की भावना से अवगत कराया था। इसके बाद व्यापारी विधायक के साथ कलक्ट्रेट में डीएम रंजना राजगुरू से मिले।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि जिले में संक्रमण की दर एक फीसदी से कम है। लिहाजा बाजार खोलने की अनुमति दी जाए। डीएम ने कहा कि इस मामले में शासन में वार्ता कर हल निकाला जाएगा। वहां महामंत्री हरीश अरोड़ा, रवि सिडाना, सतीश अरोरा, मनोज छाबड़ा, राजन राठौर, गगन ग्रोवर, डायमंड सरीन, मनीष गोस्वामी, बलजीत सिंह, अनिल रावत, नरेंद्र ग्रोवर आदि थे।
इधर, खटीमा में गुस्साए व्यापारियों ने एसडीएम निर्मला बिष्ट को ज्ञापन सौंपकर बाजार खोलने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग नहीं मानी गई तो वे स्वयं बाजार खोलने के लिए विवश होंगे। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष महेश जोशी और व्यापार मंडल अध्यक्ष अरुण सक्सेना के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल महामंत्री अमन अरोरा, सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष अमित वर्मा, अफजल खान आदि थे।
वहीं सितारगंज में भी गुस्साए व्यापारियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। यहां प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य चौराहे पर व्यापारियों ने सांकेतिक धरना दिया और अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर राज्य सरकार का पुतला फूंका। चेतावनी दी कि यदि व्यापारी हित राज्य सरकार की ओर से नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई तो नौ जून से पूरा बाजार खोल दिया जाएगा। वहां महामंत्री मनीष किनरा, कोषाध्यक्ष दीपेंद्र सिंघल, वरिष्ठ समाजसेवी रामनगीना प्रसाद, संगठन मंत्री सोनू माटा, मीडिया प्रभारी शिवम साहू, उपाध्यक्ष असलम चौधरी, ताबीर मलिक, अमित जिंदल आदि थे।
उधर, किच्छा में देवभूमि व्यापार मंडल के तत्वावधान में व्यापारियों ने नई गाइडलाइन के विरोध में महाराणा प्रताप चौक से होते हुए एसडीएम कार्यालय तक भैंस के आगे बीन और ढोल बजाकर प्रदर्शन किया। बाद में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। वहां मंडल अध्यक्ष महेंद्र गोयल, महामंत्री गौरव अरोरा, दुर्गेश गुप्ता, प्रदीप पुजारा, बब्बू मक्कड़, राजीव आहूजा, सरफराज खान, जगरूप सिंह आदि थे।
आक्रोशित व्यापारी ने मांगा विधायक से इस्तीफा
रुद्रपुर। बाटा चौक में विधायक राजकुमार ठुकराल पर व्यापारियों ने खूब आक्रोश जताया। गुस्साए व्यापारी पवन गाबा ने कहा कि यदि विधायक अपनी सरकार होते हुए बाजार नहीं खुलवा पा रहे हैं तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। कोरोना के केस बढ़ने पर व्यापारियों ने सरकार की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया। लेकिन अब जब केस बेहद कम हैं तो सरकार को भी व्यापारियों के हित में सोचना चाहिए। इधर, व्यापारियों ने डीएम के समक्ष कहा कि वे बेहद परेशान हो चुके हैं। वे सरकार की अनुमति का इंतजार नहीं करेंगे। प्रशासन चाहे तो उन पर मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दे। (संवाद)
मामले का निकालेगा हल, मुख्यमंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
रुद्रपुर। विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि बाजार खोलने के संबंध में उन्होंने पूर्व में देहरादून जाकर मुख्यमंत्री को व्यापारियों का ज्ञापन सौंपा था। यदि बाजार खोलने को लेकर कोई फैसला नहीं होता है तो बुधवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ देहरादून में मुख्यमंत्री और शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल से वार्ता की जाएगी। (संवाद)
कांग्रेस नगर अध्यक्ष के दुकान खोलने पर हुआ बखेड़ा
गदरपुर। नई गाइडलाइन में बाजार खोलने की अनुमति नहीं देने से गुस्साए कांग्रेस नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी ने अपनी कपड़े की दुकान खोल को खोल दिया। इसके अलावा कुछ और जगहों पर भी व्यापारियों ने दुकानें खोल लीं। दुकान खोलने की सूचना पर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ और अन्य पदाधिकारियों के साथ ही एसआई रमेश बेलवाल फोर्स के साथ सिद्धार्थ की दुकान पर एकत्र हो गए।
एसआई ने कोविड गाइडलाइन का हवाला देते हुए उनसे दुकान बंद करने को कहा। इसे लेकर सिद्धार्थ और एसआई के बीच तीखी तकरार हो गई। काफी गहमागहमी के बीच व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से वार्ता कर मामले का हल निकालने और प्रदेश नेतृत्व से वार्ता करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों के समझाने पर सिद्धार्थ ने दुकान बंद कर दी।
इसके बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक बेहड़ के नेतृत्व में व्यापारियों ने थानाध्यक्ष से मुलाकात की और बाजार बंद होने से व्यापारियों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। इसके बाद दीपक ने अन्य व्यापारियों से एक दिन का समय मांगा। इसके बाद खुलीं अन्य दुकानें भी बंद करा दी गईं। वहां महामंत्री संदीप चावला, कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष लवली हुड़िया, रोबिन फुटेला, जरनैल सिंह काली, सक्षम ग्रोवर, संजीव डोडा, बरीत बेहड़ आदि थे।
काशीपुर में भी व्यापारियों के सब्र का बांध टूटा, सरकार का पुतला फूंका
काशीपुर। कोरोना संक्रमण का प्रभाव लगातार कम होने के बावजूद कोविड कर्फ्यू में ढील नहीं दिए जाने से काशीपुर के व्यापारियों में भी गुस्सा बढ़ता जा रहा है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने नगर अध्यक्ष प्रभात साहनी के नेतृत्व में नारेबाजी कर एमपी चौक पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
व्यापारियों ने कहा कि लगातार बाजार बंद होने से व्यापारी भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं। व्यापारियों ने इस बात पर भी आक्रोश व्यक्त किया कि राजस्व के लिए सरकार ने हफ्ते में तीन दिन शराब की दुकानें खोलने का तो फैसला ले लिया लेकिन आम व्यापारियों को दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व अध्यक्ष राजीव सेतिया, जतिन नरूला, अमन बाली, रोहित चावला, शोभित अग्रवाल, नितिन अरोरा, अजय रस्तोगी, किशन कुमार आदि थे। (संवाद)
व्यापारियों को मिले कोविड कर्फ्यू में ढील : मुक्ता
काशीपुर। कांग्रेस नेता मुक्ता सिंह ने कोरोना संक्रमण में कमी आने से अब व्यापारियों को बाजार खोलने की छूट दी जानी चाहिए। यहां जारी बयान में मुक्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के निर्णय नहीं ले पा रही है। भुखमरी की कगार पर आ चुके व्यापारी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य हो रहे हैं लेकिन सरकार व्यापारियों की सुध नहीं ले रही है।
कोविड कर्फ्यू के कारण व्यापारी और आम जनता विभिन्न टैक्स, बिजली के बिल आदि को बैंक से लोन लेकर चुका रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की उपेक्षा कर वर्ष 2022 के चुनाव में अपने पतन का रास्ता खोल रही हैं। 18 वर्ष से 44 वर्ष की आयु के लोगों को वैक्सीन लगाने में भी सरकार फेल रही है। (संवाद)
व्यापारियों के प्रति संवेदनशील नहीं प्रदेश सरकार : बाली
काशीपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली का कहना है कि कोरोना काल में भी प्रदेश सरकार व्यापारियों के प्रति संवेदनशील नहीं है। व्यापारियों के हितों को देखते हुए प्रदेश सरकार को यूपी की तरह उत्तराखंड में भी बाजार खोलने का समय बढ़ाना चाहिए।
प्रेस को जारी बयान में बाली का कहना है कि कोरोना कर्फ्यू के कारण दुकानें बंद होने से व्यापारी बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। मजबूर होकर व्यापारी सड़कों पर उतर रहे हैं। सरकार को फड़, ठेला सहित अन्य दुकानों को खोलने का समय बढ़ाना चाहिए। नगर निगम को भी दुकानों का किराया और हाउस टैक्स माफ कर लोगों को राहत देनी चाहिए। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें