काशीपुर। साहसिक पर्यटन के शौकीन पर्यटकों के लिए तुमड़िया डैम में मोटर बोट राइडिंग शुरू होने जा रही है। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से कार्य योजना तैयार की जा रही। जल्द ही सर्वे होगा और सब कुछ ठीक रहा तो आगामी साल 2026 में यहां पर्यटक मोटर बोट राइडिंग करते हुए नजर आएंगे। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
काशीपुर सिंचाई विभाग की देखरेख में रहने वाले तुमड़िया डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया चल रही है। पर्यटन विभाग तुमड़िया डैम में मोटर बोट राइडिंग की संभावना को तलाश रहा है। इसके लिए सिंचाई विभाग ने पर्यटन विभाग को एनओसी दे दी है लेकिन अभी वन विभाग की एनओसी नहीं मिली है। वन विभाग की एनओसी मिलने पर पर्यटन विभाग दस लाख रुपये से ट्रायल सर्वे कराएगा।
सर्वे में मोटर बोट राइडिंग सहित अन्य विकल्पों को भी तलाशा जाएगा, ताकि यहां आने वाले पर्यटक रोमांच का लुत्फ उठा सके। ऊधमसिंह नगर की जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद ट्रायल सर्वे कराया जाएगा। सर्दी का सीजन चल रहा है और इस समय जलाशय में प्रवासी पक्षी विचरण कर रहे हैं।
इनसेट....
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
तुमड़िया डैम में पर्यटन गतिविधियां शुरू कराने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे भाजपा नेता राकेश नैनवाल ने बताया कि मालधनचौड़ में 16 हजार की आबादी निवास करती है। तुमड़िया में इस मोटर बोट राइडिंग शुरू होने के बाद यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा। स्थानीय लोगों की आजीविका में भी सुधार आएगा। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से तुमड़िया डैम के पास सुविधायुक्त कैंटीन भी बनेगी।
इनसेट...
64 साल पुराना है तुमड़िया डैम
तुमड़िया डैम का इतिहास 63 साल पुराना है। इसका निर्माण दो चरण में हुआ। प्रथम चरण में 0 से 10. 400 किमी लंबाई का निर्माण कार्य 1956-57 में शुरू हुआ था और 1961-62 में संपन्न हुआ। वहीं 10.400 किमी से 20.400 किमी लंबाई के दूसरे चरण का कार्य 1960-61 में प्रारंभ हुआ और 1969-70 तक चला।
कोट
सरकार तुमड़िया डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने जा रही है। 64 साल पुराने तुमड़िया डैम में मोटर बोट राइडिंग शुरू होने जा रही है। पर्यटन विभाग जल्द ही सर्वे करेगा और तुमड़िया डैम भी पर्यटकों से गुलजार होगा। स्थानीय लोगों काे रोजगार मिलेगा।- अजय भट्ट, सांसद नैनीताल ऊधमसिंह नगर