तुमड़िया डैम को जाने वाली सड़क जर्जर हालत में ।
काशीपुर। प्रदेश में इस समय यात्रा का सीजन चल रहा है जिससे आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन क्षेत्र स्थलों पर घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। काशीपुर क्षेत्र में गढ़ी नेगी से सटे तुमडिया डैम पर हर महीने हजारों की संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं, लेकिन तुमडिया डैम पर जाने वाली टूटी हुई सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। इससे लोगों को क्षतिग्रस्त सड़क से गुजर कर ही वहां पहुंचना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग शासन- प्रशासन से की है। गढीनेगी क्षेत्र को हाल ही में नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है अभी तक यह ग्राम पंचायत था। गढीनेगी के पास तुमडिया डैम के नाम से एक पर्यटक स्थल है जिसे विकसित करने की मांग भी समय-समय पर उठती रही है लेकिन पर्यटन स्थल का विकास तो अभी कोसों दूर है, यहां पहुंचना भी बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है। क्षेत्रवासी बताते हैं कि करीब डेढ़ दशक से इस सड़क का निर्माण नहीं हुआ। उन्होंने एक बार फिर शासन प्रशासन को पत्र भेजकर यहां सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है।
क्षेत्रवासी राजेंद्र मिश्रा, दीपक बाठला, संदीप कुमार, रोहित और देवेंद्र कुमार आदि ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आने वाले पर्यटक ही नहीं बल्कि स्थानीय निवासी भी इस क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों की वजह से काफी परेशान हैं।