खुदरा दामों में 50 फीसदी गिरावट आने के बावजूद नहीं हो रही बिक्री
थोक में 80 तो फुटकर में 120 रुपये किलो है दाम
रुद्रपुर। टमाटर का खुदरा मूल्य रुद्रपुर में 120 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। एक सप्ताह के भीतर टमाटर की खुदरा कीमत 240 से घटकर 120 रुपये प्रति किलो हो गई है। हालांकि सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि टमाटर के मूल्य में 50 प्रतिशत गिरावट आने के बावजूद लोग पहले के समान टमाटर नहीं खरीद रहे। मांग घटने से रुद्रपुर मंडी समिति में भी टमाटर की दैनिक आवक 15 से 18 क्विंटल के बीच ही सिमट कर रह गई है।
बिगवाड़ा स्थित मंडी समिति में रविवार को टमाटर थोक भाव 80 रुपये प्रति किलो था। हालांकि जनता के लिए मंडी समिति की ओर से थोक भाव पर टमाटर बेचने के लिए स्टॉल नहीं लगाया गया। मंडी निरीक्षक सौरभ सिंह ने कहा कि वर्तमान में कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों से टमाटर आ रहा है। जैसे-जैसे टमाटर का मूल्य घटेगा, वैसे-वैसे आवक भी बढ़ने की उम्मीद है। बता दें कि टमाटर के मूल्य बढ़ने से पहले मंडी समिति में प्रतिदिन 80 से 90 क्विंटल टमाटर की आवक थी, जबकि वर्तमान में 75 प्रतिशत से अधिक आवक घट चुकी है। रुद्रपुर सब्जी मंडी के सब्जी विक्रेता बलई मंडल कहते हैं कि रविवार को खुदरा भाव में टमाटर 120 रुपये प्रति किलो बेचा। इसके बावजूद पहले के समान लोग टमाटर नहीं खरीद रहे हैं। शायद लोग टमाटर के मूल्य और घटने का इंतजार कर रहे हैं।