काशीपुर। शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शिक्षार्थी (निरक्षरों) की परीक्षा होगी। 13 केंद्रों पर 256 शिक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जिला परियोजना अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने अधिनस्थ अधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में उन्होंने कहा कि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत सत्र 2025-26 में 15 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षार्थियों की आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन आधारित परीक्षा 22 मार्च को होनी है। इसके लिए शिक्षार्थियों के मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा के मूल्यांकन के लिए पंजीकरण सह अवार्डशीट, नामांकन प्रपत्र एक्सेल फार्मेट में भेज दिए गए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि रविवार को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। 256 शिक्षार्थी में 166 महिलाएं और 90 पुरुष हैं।
इन विद्यालयों को बनाया गया केंद्र
- राजकीय इंटर कॉलेज बरखेड़ी, राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बांसखेड़ा, जीजीआईसी महुआखेड़ा गंज, राजकीय इंटर कॉलेज जोशी मझरा, जीजीआईसी काशीपुर, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापपुर, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज महुआखेड़ा गंज, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढकिया नंबर एक, मानपुर, गुलजारपुर, बरखेड़ा पांडे, शिवलालपुर अमरझंडा, दभौरा मुस्तकम केंद्र बनाए गए हैं।