रुद्रपुर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर बंगाली समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले पूर्वजों को श्रद्धांजलि दी गई। विभाजन की त्रासदी को झेलने वाले बंगाली समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया और तिरंगा यात्रा निकाली गई।
मेयर ने आवास विकास में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क और गावा चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आदमकद प्रतिमा लगाने की घोषणा की। नगर निगम सभागार में बृहस्पतिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर विकास शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, बंगाली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार साहा ने किया।
मेयर शर्मा ने कहा कि यह केवल इतिहास नहीं, पीड़ा की जीवंत स्मृति है। कहा कि सीएम धामी की ओर से रुद्रपुर में बंग भवन की घोषणा को लेकर जगह चिह्नित की गई है। दायित्वधारी उत्तम दत्ता ने कहा कि बंगाली समाज ने विभाजन की त्रासदी के बाद भी अपने आत्मबल और मेहनत के दम पर रुद्रपुर और पूरे उत्तराखंड के विकास में अतुलनीय योगदान दिया है। जिलाध्यक्ष जिंदल ने कहा कि यह सिर्फ विभाजन नहीं, मानवीय त्रासदी थी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंगाली समाज और पंजाबी समाज ने विभाजन विभीषिका में जो पीड़ा और दर्द सहा है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।
वहां पर गणेश सरकार, विवेक सक्सेना, अमित नारंग, गोविंद राय, मानवेन्द्र राय, फरजाना बेगम,शालिनी बोरा, सुनील ठुकराल सहित अनेक मौजूद रहे।