सितारगंज। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 12 दिनी उद्यमिता विकास कार्यक्रम में छात्र-छात्रओं को सितारगंज क्षेत्र के उद्यमी केतली कैफे के स्वामी अंजन मंडल ने स्वरोजगार के लिए टिप्स दिए। उन्होंने अपना बिज़नेस शुरू करने की यात्रा में आने वाली बाधाओं, समस्याओं, कच्चे माल, बिजनेस को शुरू करने के अपने प्रेरणा स्रोतों के विषय में बताया और अपनी सफलता के गुर बताए । बृहस्पतिवार को अंजन मंडल ने कहा कि स्वरोजगार शुरू करने के बारे में बताया। क्षेत्रीय उत्पादों और हस्त कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को क्षेत्रीय उद्यमी हेमा तिवारी, पूनम राना और राजवती ने मशरूम उत्पादन, अगरबत्ती बनाने, शहद उत्पादन, मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया। उद्यमिता विकास कार्यक्रम देवभूमि उद्यमिता योजना, उत्तराखंड सरकार तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद, गुजरात की ओर से संचालित किया जा रहा है। देवभूमि उद्यमिता योजना उत्तराखंड की एक महत्वाकांक्षी योजना है जो विद्यार्थियों के स्वरोजगार कौशल विकास को विकसित करने में सहायक है। वहां पर प्राचार्य प्रो रेनू बंसल, मुख्य वक्ता किरन जोशी, नोडल अधिकारी डॉ एमसी आर्य, डॉ राजविंदर कौर, डॉ. शोभा पांडे, जानकी विश्वकर्मा, कमलेश जोशी मौजूद रहे।