देर शाम आवास विकास स्थित किच्छा विधायक के आवास पहुंचे अजय भट्ट
बेहड़ ने कहा, सांसद ने शिष्टाचार के नाते अपने क्षेत्र के विधायक का हाल जाना
रुद्रपुर। मंत्री गणेश जोशी के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ का हाल जानने उनके घर पहुंचे। भले ही इसे औपचारिक मुलाकात कहा जा रहा है लेकिन सियासी हलकों में इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। पिछले दिनों जिस तरह बेहड़ ने अपनी पार्टी की ओर से की गई नियुक्तियों पर सवाल उठाए और उनकी पार्टी में भी विरोध हुआ। इससे इन चर्चाओं को बल भी मिल रहा है।
बृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे मंत्री अजय भट्ट भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, विपिन जल्होत्रा के साथ बेहड़ के आवास पर पहुंचे। कुछ देर हालचाल जानने के बाद भट्ट ने बेहड़ के साथ एक कमरे में अकेले में बातचीत भी की। इसकी खबर बाहर आते ही सियासी जगत में बेहड़ के राजनीतिक भविष्य की चर्चा होने लगी।
अजय भट्ट से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बेहड का हमेशा पार्टी में स्वागत है। हालांकि ये भविष्य की बात है। इस समय वह सिर्फ उनका हाल जानने आए थे। इसके दूसरे अर्थ न निकाल जाएं। बेहड़ का भी कहना था कि भट्ट से उनके पुराने संबंध हैं। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान भी उन्होंने काफी मदद की थी। बेहड ने कहा कि क्षेत्रीय सांसद होने के नाते भट्ट ने एक जनप्रतिनिधि का आदर्श स्थापित किया है।
बेहड़ समर्थक पिछले दिनों कांग्रेस प्रदेश कमान का कर चुके हैं विरोध
रुद्रपुर। प्रदेश में जिला अध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों की घोषणा में बेहड़ की सहमति न लेने के कारण बेहड़ और उनके समर्थक कुछ दिनों से प्रदेश कांग्रेस संगठन से नाराज चल रहे हैं। रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा से उनका टकराव खुलकर सामने आया है।