फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: पालिका के चुनाव में बेहड़-शुक्ला की साख दांव पर, दोनों नेताओं ने मैदान पर उतारे अपने-अपने प्रत्याशी

Sat, 12 Sep 2026 11:25 AM IST
Heera दीप बेलवाल

सार

नगर पालिका परिषद किच्छा का चुनाव इस बार केवल चेयरमैन चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर दो दिग्गजों की साख का मुकाबला बन गया है। कांग्रेस से मौजूदा विधायक और भाजपा के पूर्व विधायक ने अपने-अपने समर्थकों को अध्यक्ष पद पर मैदान में उतार दिया है।
विज्ञापन
तिलक राज बेहड़ और राजेश शुक्ला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर पालिका परिषद किच्छा का चुनाव इस बार केवल चेयरमैन चुनने का चुनाव नहीं है। यह सीधे तौर पर दो दिग्गजों की साख का चुनाव बन गया है। कांग्रेस से मौजूदा विधायक तिलक राज बेहड़ और भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने-अपने समर्थकों को अध्यक्ष पद पर मैदान में उतार दिया है।

मुकाबला भले कांग्रेस बनाम भाजपा का दिख रहा है लेकिन अंदरखाने यह बेहड़ बनाम शुक्ला की प्रतिष्ठा की लड़ाई है। दोनों नेता अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंके हुए हैं। गली-गली में जनसंपर्क से लेकर बैठक तक और रणनीति बनाने के लिए खुद दोनों नेता जुटे हुए हैं। राजनीतिक लिहाज से यह चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

किच्छा विधानसभा हमेशा से हॉट सीट रही है। यहां सिख, बंगाली, पंजाबी और मुस्लिम वोट बैंक निर्णायक भूमिका में हैं। ऐसे में पालिका चुनाव का परिणाम बताएगा कि किस नेता की पकड़ अपने कोर वोट बैंक पर कितनी मजबूत है। भाजपा ने जहां विकास और ट्रिपल इंजन का नारा दिया है, वहीं कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दे, जलभराव और भ्रष्टाचार को हथियार बनाया है। कुल मिलाकर किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर मुकाबला बेहद रोमांचक होने जा रहा है क्योंकि जीत किसी भी प्रत्याशी की हो, संदेश सीधे दिल्ली-देहरादून तक जाएगा।

निर्दलीय बिगाड़ सकता है समीकरण

विज्ञापन

किच्छा सीट पर मुकाबला त्रिकोणी होने के आसार बन रहे हैं। कांग्रेस समर्थित अब्दुल रसीद जक्कू ने भी अपनी दावेदारी पेश कर नामांकन दाखिल किया है। यदि जक्कू नामांकन पर्चा वापस नहीं लेते हैं तो कांग्रेस का समीकरण बिगड़ सकता है। लिहाजा कांग्रेस नेताओं की मंशा जक्कू को मनाने की होगी। वहीं, सिरौलीकलां में कांग्रेस ने राशिदा को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा दो निर्दलीय फरहीन जहां और जैबुलनिशा मैदान में हैं। भाजपा यहां एक निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में दिख रही है। फिलहाल पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

किच्छा पालिका से प्रत्याशी

कांग्रेस प्रत्याशी - राजेश प्रताप सिंह

भाजपा प्रत्याशी - संदीप अरोरा

निर्दलीय - अब्दुल रशीद जक्कू

नगर पालिका को जो लोग भ्रष्टाचार का अड्डा बनाना चाहते हैं, हम ऐसा नहीं होने देंगे। नगर पालिका हमारे प्रत्याशी के दम पर साफ सुथरी बनेगी। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। - तिलक राज बेहड़, विधायक, किच्छा

किच्छा की जनता बाहरी लोगों को बाहर कर देगी। हमारा प्रत्याशी मजबूती से चुनाव लड़ेगा। जनता का रुख भाजपा की तरफ हैं। हम जरूर जीतेंगे। - राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक, किच्छा

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें