चुनावी पर्चे बांट रहे एक भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर गुस्साए भाजपा प्रत्याशी ने कोतवाली में जमकर हंगामा काटा। इस बीच एसएसआई तीखी झड़प भी हुई। जब एएसपी ठुकराल को समझाने पहुंचे तो वह कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। ठुकराल को काबू धरने के दौरान तीन पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। फिलहाल पुलिस ने प्रत्याशी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई के लिए जीडी में तस्करा डाल दिया है।
रुद्रपुर कोतवाली में तैनात एसएसआई प्रकाश सिंह दानू को मंगलवार दोपहर सूचना मिली कि इंदिरा कॉलोनी में कुछ राजनैतिक दल के लोगों द्वारा चुनावी पर्चे बांटे जा रहे हैं। जब दानू अपने सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ भाजपा कार्यकर्ता भीड़ लगाकर जुटे थे। पूछताछ पर एक भाजपाई दानू के साथ गाली-गलौच करने लगा जिस पर दानू उस कार्यकर्ता को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आया। कार्यकर्ता को पुलिस द्वारा पकडने की सूचना पर भाजपा प्रत्याशी और विधायक राजकुमार ठुकराल भी अपने कुछ समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और कार्यकर्ता को छोड़ने की मांग को लेकर एसएसआई प्रकाश दानू से उलझ गए। इस दौरान उनकी एसएसआई के साथ नोकझोंक हुई। यह भी आरोप है कि प्रत्याशी ने एसएसआई को चुनाव के बाद देख लेने की धमकी दे डाली।
माहौल गर्माने पर जब एएसपी मंजूनाथ टीसी ने मौके पर आकर ठुकराल को समझाने का प्रयास किया तो ठुकराल थाने में ही धरने पर बैठ गये, पुलिस के जवानों ने बमुशिकल उन्हें उठाया।
एएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि प्रत्याशी ठुकराल ने कोतवाली में एसएसआई से अभ्रदता की और धरने पर बैठकर धारा 144 का उल्लंघन भी किया जिसे देखते हुए उनके खिलाफ जीडी में तस्करा डाल दिया गया है, जल्द ही अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी।