आईजीएल गेट पर शव रखकर श्रमिकों ने किया प्रदर्शन
आक्रोशित लोगों ने नाला पटवाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। आईजीएल के एक श्रमिक के तीन वर्षीय बेटे की नाले में डूबकर मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों व श्रमिकों ने बच्चे के शव को कंपनी गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से नाला पटवाने की मांग की।
बाजपुर रोड स्थित ग्राम दोहरी परसा में एक नाला गुजरता है। बृहस्पतिवार की शाम आईजीएल के श्रमिक सोमपाल का तीन वर्षीय बेटा डब्बू खेलते हुए नाले में गिर कर बह गया। राहगीरों की सूचना पर सोमपाल को बच्चे का शव करीब आधा किमी दूर नाले में बहता मिला। आक्रोशित श्रमिकों ने परिजनों के साथ आईजीएल गेट पर बच्चे का शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया। सूचना पर आईटीआई थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने श्रमिकों को बमुश्किल शांत कराया। इसके बाद श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता की। श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन से नाला पटवाने की मांग की। जानकारी के अनुसार घटना के समय उसकी बीमार पत्नी घर पर थी। नाला घर के पीछे से बहता है। पत्नी को इस बात की भनक तक नहीं लगी। कि बच्चा कब नाले में गिर गया। उधर, तहसीलदार युसूफ अली ने बताया मामले की जानकारी नहीं है। घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिजनों से जानकारी जुटाई जाएगी।