किराने की दुकान में लगी आग, दुकान स्वामी ने पड़ोसियों की मदद से बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में एक किराने की दुकान में आग लग गई। आरोप है कि सूचना देने बावजूद पुलिस ने अग्निशमन केंद्र को सूचित नहीं किया और दुकान स्वामी से खुद आग बुझा लेने को कहा। दुकान स्वामी ने पड़ोसियों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गोलमड़ैय्या, ट्रांजिट कैंप निवासी महावीर गंगवार की घर में किराने की दुकान हैं। रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर घर की दूसरी मंजिल में सोने चले गए थे। रात करीब 12 बजे दुकान से धुआं निकलने लगा। उन्होंने नीचे आ कर देखा तो दुकान में आग लग चुकी थी। उन्होंने शटर खोलने का प्रयास किया लेकिन जाम हो जाने की वजह से वह नहीं खुला। उन्होंने ट्रांजिट कैंप थाने में पहुंचकर सूचना दी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। उनका कहना है कि करीब आधे घंटे बाद दो पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और पुलिस ने दुकान स्वामी को खुद ही आग बुझाने का निर्देश दिया।
पुलिस ने अग्निशमन केंद्र को भी घटना की सूचना नहीं दी। इसके बाद रात करीब तीन बजे तक पड़ोसियों की मदद से उन्होंने पानी डाल कर खुद ही आग बुझाई। इस दौरान दुकान में रखा फ्रीज, एलईडी टीवी, पंखा, आटा-चावल के कट्टे सहित किराने का सभी सामान जल गया। उन्होंने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कोई शिकायती पत्र आता है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।