शिक्षक संघ प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में खूब हंगामा हुआ। ऊधमसिंह नगर सहित देहरादून और हरिद्वार शिक्षक संघ ने जूनियर संवर्ग का टीजीटी संवर्ग मेें विलय का कड़ा विरोध जताया। इससे बैठक के दौरान माहौल गर्म रहा।
बुधवार को प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की प्रांतीय बैठक बीआरसी सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान यह बात सामने आई कि प्रांतीय कार्यकारिणी की मांग पर सरकार जूनियर संवर्ग का विलय टीजीटी संवर्ग में करने जा रही है। मगर ऊधमसिंह नगर, देहरादून और हरिद्वार शिक्षक संघ ने हंगामा काटते हुए विलय का विरोध किया। कहा कि यह विलय सेवा शर्तों को पूरा नहीं करता। टीजीटी लागू हो जाने से शिक्षकों की सेवाएं एवं पदोन्नति के मामले मंडल स्तर के हो जाएंगे। इससे शिक्षकों को लाभ की जगह नुकसान ज्यादा होगा। जबकि जूनियर संवर्ग की सेवा शर्तें जिला स्तर की होती हैं। इस दौरान जिला शाखाओं की ओर से प्रांतीय पदाधिकारियों से यह भी पूछा गया कि टीजीटी लागू होने से टीजीटी का कैडर मंडल स्तर का होगा या फिर जनपद स्तर का। कहा कि यदि सभी की सहमति बगैर कोई भी निर्णय लिया गया तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। मांगो के अनुरूप कैडर निर्धारण नहीं होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई। बैठक में सभी 13 जिलों से आए शिक्षक नेता मौजूद थे। वहां प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चौहान, कोषाध्यक्ष अवतार सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री डा. रणवीर सिंह, दलीप सिंह राणा, राजेंद्र बहुगुणा, रामपाल सिंह, कल्पना बिष्ट, मंजू पांडे, संजय बिष्ट, अशोक जोशी, सतीश घिल्डियाल, देव सिंह, मदन लाल लोधी, जीवन अधिकारी, महेंद्र सिंह, अंगन लाल, विनोद थापा, हुकुम सिंह तोमर, निर्मल किशोर, उदयलाल, शंकर दत्त पांडे आदि मौजूद थे।